Badaun News: सैदपुर के नूरी रज़ा मेमोरियल स्कूल का वार्षिक परिणाम घोषित, शायरीन सय्यद ने किया स्कूल टॉप


 शिखर संवाद ब्यूरो- 

Badaun News : बदायूं के कस्बा स्थित नूरी रज़ा मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। छात्रा शायरीन सय्यद ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल टॉप किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध शायर प्रोफेसर डॉ. शफीक उर रहमान बरकाती मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. शफीक उर रहमान बरकाती ने कहा कि शिक्षा मनुष्य का सबसे कीमती आभूषण है, जो न केवल व्यक्ति का जीवन संवारती है बल्कि समाज में मान-सम्मान भी दिलाती है। विशिष्ट अतिथि फरमान अब्बासी (रिसर्च स्कॉलर) ने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि इंसान अपने ज्ञान के साथ-साथ अपने व्यवहार से महान बनता है। कार्यक्रम में हल्का इंचार्ज उम्मेद सिंह पोसवाल, डॉ. तौसीफ रज़ा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी बच्चों को अनुशासन और कड़ी मेहनत का संदेश दिया। परीक्षा परिणामों में विभिन्न कक्षाओं से आयत नूर, सलोनी, साकिब, अर्पण, अमित, साहिबा और अफनान जैसे छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर हैदर अली, अरमान, हिफजान और अयान खां रहे, जबकि तृतीय स्थान विपुल, उरूज बी, समायरा और बिलाल आदि ने हासिल किया।

स्कूल के संस्थापक जाहिद हुसैन नूरी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन इकरार हुसैन ने किया। अंत में प्रधानाचार्य एस.एच. कुरैशी और प्रबंधक ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और सभी शिक्षकों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ